थाना क्षेत्र के शेरपुर घाट पर गंगा में नहाते समय डूबे अंकुश यादव उर्फ अंकुर (12) व विकास यादव (14) का शव मिलने के बाद कोहराम मच गया। पुलिस ने रविवार को पंचनामा करके दोनों शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे की जानकारी होते ही मुहम्मदाबाद एसडीएम व तहसीलदार गंगा घाट पर पहुंच गए।
मालूम हो कि शेरपुर कला गांव निवासी अंकुर यादव व विकास यादव शाम में भैंस लेकर गंगा के किनारे गए थे। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी तलाश में जब घाट पर पहुंचे तो कपड़ा व चप्पल देखकर रोने बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में जुट गए। देर रात तक विकास यादव का शव कड़ी मशक्कत के बाद मिल गया। जबकि अंकुश यादव उर्फ अंकुर का शव दोपहर में मिला।
दोनों किशोरों का शव मिलने के बाद परिवार के सदस्य रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने पंचनामा के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया। विकास यादव अपने दो भाइयों तथा दो बहनों में सबसे बड़ा था। जबकि अंकुश यादव उर्फ अंकुर दो भाइयों में बड़ा था। इधर घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता व तहसीलदार शिवधर चौरसिया गंगा घाट पहुंचे व परिजनों से जानकारी ली।