क्वारंंटाइन किए गए परदेश से आए युवक की शुक्रवार को मुंगराबादशाहपुर स्थित शेल्टर होम में मौत हो गई थी। उसकी रिपोर्ट शनिवार को पाजिटिव आने पर हड़कंप मच गया। जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव का प्रदीप कुमार गौतम (34) गुरुवार को मुंबई से श्रमिक स्पेशल ट्रेन से प्रयागराज पहुंचा। वहां से बस से मुंगराबादशाहपुर पहुंचा था। उसे सार्वजनिक इंटर कालेज शेल्टर होम में क्वारंटाइन कर दिया गया। शुक्रवार की सुबह उसकी रहस्यमय परिस्थिति में मौत हो गई। खबर लगते ही प्रशासनिक अमले के साथ ही शेल्टर होम में क्वारंटाइन अन्य लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार व अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। मृत श्रमिक के कोरोना वायरस संक्रमित होने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर सीएमओ डा. रामजी पांडेय के नेतृत्व में पहुंची मेडिकल टीम ने परीक्षण हेतु नमूना लेकर जांच के लिए पीजीआइ भेज दिया था। शनिवार को दोपहर में रिपोर्ट आई तो हड़कंप मच गया। शेल्टर होम को खाली कराकर सैनिटाइज किया जा रहा है। अन्य लोगों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया है।
चार और मिले कोरोना पाजिटिव
जौनपुर में कोरोना संक्रमितों के मिलने की गति बढ़ गई है। शुक्रवार को चार और कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। पीडि़तों में तीन शाहगंज तहसील क्षेत्र के और एक सुल्तानपुर जनपद का निवासी है। जिले में अब पीडि़तों आंकड़ा 18 पहुंच गया है। संक्रमितों में 14 ग्रामीण क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं।