कोरोना वायरस जिस रफ्तार से फैल रहा है, उतनी ही तेजी से लोग स्वस्थ भी हो रहे हैं। कोरोना संक्रमित सात मरीज बुधवार को स्वस्थ्य घोषित करते हुए अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिए गए। उधर, बीएचयू से आई कोरोना जांच से संबंधित रिपोर्ट में सिपाही-कंपाउंडर समेत आठ और जौनपुर के दो लोग पॉजिटिव निकले।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि बीएचयू लैब से मंगलवार देर रात एक और बुधवार को 120 कुल 121 सैंपल की रिपोर्ट आई। रिपोर्ट के अनुसार 111 निगेटिव और 10 पॉजिटिव हैं। वाराणसी में पॉजिटिव आए आठ मरीजों में छह प्रवासी नागरिक हैं और सभी मुंबई से ट्रेन-बस व अपने साधन से आए थे।
कोरोना संक्रमित बेटे के बाद मां की रिपोर्ट भी निकली पॉजिटिव
कपसेठी के सिसवा गांव की 25 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बीते 25 मई को महिला का एक वर्षीय बेटा भी पॉजिटिव निकला था। महिला ट्रक से मुंबई से वाराणसी आई थी। सिसवा पहले से ही हॉटस्पाट घोषित है। मुंबई की कपड़ा मिल में काम करने वाला 36 वर्षीय संक्रमित युवक रतनपुर गांव थाना फूलपुर का रहने वाला है। लॉकडाउन के बाद मुंबई से ट्रक से वाराणसी आया था। इसी गांव के एक और प्रवासी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। 30 वर्षीय मरीज मुंबई में आटो चलाता था। पूर्व में रतनपुर हॉटस्पॉट में कोरोना पॉजिटिव आए मरीज के साथ वाराणसी आया था। 58 वर्षीय चौथा मरीज बड़ागांव थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव का रहने वाला है। भिवंडी (मुंबई) से ट्रक से वाराणसी आया। भिवंडी में एक पावरलूम में काम करता था।