पूर्वांचल में सोमवार को 43 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सभी को क्वारंटाइन कर संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की तलाश में प्रशासन जुट गया है। संक्रमित मरीजों के क्षेत्रों को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया गया।
वाराणसी में सोमवार को 8 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। इसमें 3 मुंबई से आए हैं। सभी को अस्पताल में क्वारंटाइन कर दिया गया। अब यहां संख्या 154 हो गई है। गाजीपुर में भी 8 पॉजिटिव केस पाए गए। सभी को मुहम्मदाबाद कोविड अस्पताल में क्वारंटाइन कर दिया गया है। अब जिले में मरीजों की संख्या 84 हो गई है।
बलिया में देर शाम आई जांच रिपोर्ट में 16 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले। इससे पहले 14 कोरोना पॉजिटिव केस थे।
मीरजापुर के कछवां में मुंबई से लौटा एक पॉजिटिव केस मिला है। यहां मरीजों की संख्या 32 हो गई। जौनपुर में आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में पूर्व में पेड़ के नीचे क्वारंटाइन मृत मिले व्यक्ति के दो बेटे, एक दंपती और चार प्रवासी हैं। अब मरीजों की संख्या 138 हो गई है। चंदौली के सकलडीहा व बरहनी ब्लाक के दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों पिछले दिनों महाराष्ट्र से लौटे थे।