राजधानी का आरएलबी अस्पताल 3 दिनों के लिए सील कर दिया गया है। चार मई को महिला को भर्ती कर यहां इलाज हुआ था, जिसकी रिपोर्ट बाद में पॉजिटिव आई थी। सीएमओ के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया गया है। सभी अस्पताल कर्मियों की जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक अस्पताल सील रहेगा।
वहीं जहां गुरुवार को कोई नया केस नहीं मिलने से राहत मिली थी वहीं शुक्रवार को तीन नए केस मिलने से चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को केजीएमयू में हुई जांच के अनुसार 738 टेस्ट में 11 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से तीन पॉजिटिव मामले लखनऊ के हैं, जिनमें से एक केस सब्जी मंडी कैसरबाग, दूसरा केस फतेहगंज अमीनाबाद तथा तीसरा मामला नरही का है। यहां एक महिला पॉजिटिव पाई गई है। इसकी जांच प्राइवेट लैब में हुई है। वहीं फतेहगंज गल्ला मंडी मेंं यह पहला मामला है।
ऐसे में अब मरीजों की संख्या 256 हो गई है । इसमें लखनऊ के 173 मरीज हैं। शेष मरीज विभिन्न जनपदों के हैं। वहीं निजी अस्पताल में भर्ती दो मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इस कॉलेज में 47 मरीज भर्ती किए गए थे, सभी की छुट्टी हो गई है। ऐसे में अब तक साढ़ामऊ अस्पताल से 59, केजीएमयू से 14, निजी कॉलेज से 87, लोहिया संस्थान से 10, पीजीआइ से दो, कमांड से दो मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है।