वारणसी में कोरोना के दो नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें एक रिटायर्ड एडीएम हैं। दूसरा मरीज मंडलीय अस्पताल स्थित एडी ऑफिस में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी है। इस कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मंडलीय अस्पताल के तीन डॉक्टरों को क्वारंटीन कर दिया गया है। उन्होंने कर्मचारी का शुरुआती उपचार किया था। दो नई संख्या जुड़ने के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 87 हो गई है। इनमें 55 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 31 है।
नरिया क्षेत्र में रहते हैं एडीएम
बीएचयू के वायरोलॉजी लैब से बुधवार को 67 सैंपलों की रिपोर्ट आई। दो पॉजिटिव मरीजों में 73 वर्षीय रिटायर्ड एडीएम नरिया, सुंदरपुर (लंका) में रहने वाले हैं। बुखार की शिकायत पर उन्होंने खुद ही बीएचयू की फ्लू क्लीनिक में सैंपल दिया था। उनका बेटा 10 दिन पहले दिल्ली से आया है। हालांकि वह स्वस्थ है। एडी ऑफिस में कार्यरत 58 वर्षीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जैतपुरा का रहने वाला है। सांस की समस्या होने पर उसने भी खुद ही बीएचयू में सैंपल दिया था|
मंडलीय अस्पताल में वार्ड नंबर सात सील
एडी ऑफिस के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी को पेट दर्द होने पर पहले मंडलीय अस्पताल के वार्ड नंबर सात में भर्ती कराया गया था। उसके पॉजिटिव आने के बाद उस वार्ड व उससे सटे बरामदे को सील कर दिया गया है। उस वार्ड के मरीजों को जांच के लिए ईएसआई अस्पताल भेजा गया है। बुधवार को वार्ड को सेनेटाइज भी किया गया। इसके साथ तीन डॉक्टर को भी क्वारंटीन कर दिया गया है। पांच दिन बाद कोई लक्षण दिखने पर चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ का आरटी पीसीआर कराया जाएगा।