जिला मुख्यालय से कुछ ही दूर स्थित बिसौरी गांव मे कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद गांव को हाट-स्पाट कर दिया गया। यहां के वाशिंदे भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने सदर कोतवाली पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप मढ़ते हुए कहा तकरीबन चार-पांच दिन पहले पुलिस को सूचित किया गया था कि मुंबई से कुछ लोग आए हुए हैं और गांव में घूम रहे हैं। पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नतीजन गांव में कोरोना पाजिटिव व्यक्ति मिला और संक्रमण फैलने की आशंका गहरा गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कोरोना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिसौरी गांव में कोरोना से जुड़ा मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों केे साथ जिलाध्यक्ष भी चिंतित है। श्री सिंह का आरोप है कि गांव में मुंबई से आने वालों की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। जांच नमूना भेजने में शिथिलता बरती गई। इससे गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं।
क्वारंटाइन कर दिया गया
बिसौरी गांव में मुंबई से आए अप्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। 10 मई को घर पर सूचना चस्पा करा दी गई। नमूना जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट पाजीटिव आने के बाद मामला संज्ञान में आया। विलंब का आरोप निराधार है। सरकारी तंत्र जनपद में पूरी तल्लीनता व टीम भावना के साथ कोरोना संक्रमण के खिलाफ जंग में जुटा है।