बलिया : जिले में गैर प्रांत व जनपदों से आने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की भी जिम्मेदार बढ़ती जा रही है। इन कामगारों को यहां आने के बाद किसी तरह की दिक्कत न हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इसके नाश्ता व भोजन के लिए माडल तहसील में सामुदायिक किचन स्थापित किया गया है। यहां पर प्रतिदिन तीन हजार से अधिक लोगों के लिए भोजन आदि तैयार हो रहा है। इसे तैयार करने के लिए दो दर्जन से अधिक मजदूर लगे हुए है।
एसडीएम सदर अश्वनी कुमार श्रीवास्तव की देख-रेख में यह किचन संचालित हो रहा है। गैर जनपद से आने वाले कामगारों को नाश्ता, भोजन के साथ ही पानी की बोतल भी प्रदान किया जा रहा है। यहां पर खाना पूरी तरह से प्रशासनिक निगरानी में तैयार किया जाता है। साथ ही इसकी अच्छे से पैकिग कर कामगारों को दिया जाता है। एसडीएम ने बताया कि खाना ताजा रहे इसका पूरा ख्याल रखा जाता है। क्वारंटाइन सेंटरों पर भी इसी सामुदायिक किचन से भोजन व नाश्ता दिया जाता है।