सीएम योगी आदित्यनाथ की पहल पर यूपी रोडवेज की बसें हरियाणा में फंसे मजदूरों को लेकर गोरखपुर पहुंची हैं। सोमवार की सुबह नौ बसों का पहला बेड़ा गोरखपुर पहुंचा। कुल 40 बसें आनी हैं।
यहां सहजनवां के मुरारी इंटर कालेज परिसर में बसों से उतरे मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद मजदूरों को चाय पिलाई गई, नाश्ता कराया गया। सुबह 9-10 बजे से उन्हें भोजन भी दिया गया। मजदूरों को यहां से उनके तहसील मुख्यालयों पर भेजा जा रहा है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुज मलिक ने बताया कि तहसील मुख्यालय पर पहुंचने के बाद उन्हें उनके घर के नजदीकी स्कूल में क्वारंटीन किया जाएगा।
14 दिन की क्वारंटीन अवधि पूरी करने के बाद ही उन्हें घर जाने की इजाजत मिलेगी। बसों के गोरखपुर पहुंचने का सिलसिला रात में ढाई बजे ही शुरू हो गया था। सुबह आठ बजे तक कुल नौ बसों से 229 मजदूर मुरारी इंटर कालेज पर पहुंच गए थे। इनमें से 75 मजदूर गोरखपुर के हैं।