बक्सर: अब अगर आप एम्बुलेंस आदि से कहीं चिकित्सा के लिए भी जाते हैं तो वापस आने पर पहले आपको प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर में क्वारंटाइन रखा जाएगा। और तो और एम्बुलेंस को भी जिला में प्रवेश करने के दौरान ही सैनेटाइज किया जाएगा। तत्पश्चात उसे जिले में इंट्री दी जाएगी। जिलाधिकारी अमन समीर ने इस आशय का आदेश जारी किया है।
इस बाबत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जारी आदेश में जिलाधिकारी ने कहा है कि अनुमति प्राप्त कर जिला से बाहर जाने वाले लोगों के वापस आने की स्थिति में उन्हें प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। डीएम ने कहा है कि एम्बुलेंस को भी जिले की सीमा पर ही सैनेटाइज किए जाने की आवश्यकता है। ताकि, किसी तरह से संक्रमण का प्रसार नहीं हो सके। डीएम ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को जिले की चेकपोस्ट पर एम्बुलेंस को सैनेटाइज कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था करना सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। इसके लिए कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव को भी स्प्रे मशीन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
Read More